हजारीबाग सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब हजारीबाग ने रेड क्रॉस सोसाइटी हजारीबाग शाखा को एक अत्याधुनिक डेड बॉडी फ्रीजर भेंट किया है। यह सुविधा उन परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी जिन्हें किसी कारणवश अंतिम संस्कार में विलंब होने की स्थिति का सामना करना पड़ता है।रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से यह सुविधा आम लोगों को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। संस्था के सचिव तनवीर सिंह ने फ्रीजर के संचालन एवं रख रखाव की जिम्मेदारी कार्यकारिणी सदस्य मनोज गुप्ता मैंगो मैन को सौंपी है।जरूरत पड़ने पर कोई भी व्यक्ति 9431336480 पर संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकता है। सुविधा लेने के लिए मृतक और परिजन का आधार कार्ड उपलब्ध कराना होगा। यह डेड बॉडी फ्रीजर इंद्रपुरी चौक स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में रखा गया है जहां से जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा।रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार परिजनों के दूर-दराज से आने, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने या अन्य अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण अंतिम संस्कार में देरी हो जाती है। ऐसी स्थिति में शव को सुरक्षित रखना परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी सामाजिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।रेड क्रॉस सोसाइटी ने इस मानवीय सहयोग के लिए रोटरी क्लब हजारीबाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि दोनों संस्थाओं का उद्देश्य केवल सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करना है।रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव तनवीर सिंह ने कहा हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि किसी भी परिवार को इस सुविधा की आवश्यकता न पड़े, क्योंकि यह जीवन के सबसे दुखद क्षणों से जुड़ी व्यवस्था है। लेकिन यदि किसी परिवार पर ऐसी विपत्ति आती है तो रेड क्रॉस उसकी पीड़ा को कम करने के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए सदैव तैयार रहेगा।उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दुख की घड़ी में कोई भी परिवार संसाधनों के अभाव में परेशान न हो। सेवा संवेदना और मानवता के इसी उद्देश्य के साथ यह सुविधा समाज को समर्पित की गई है।