पलामू जिले के नीलांबर पीतांबरपुर लेस्लीगंज प्रखंड अंतर्गत सोतम डबरा गांव में दलित परिवारों की करीब 50 एकड़ जमीन पर जबरन कब्जे का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।शुक्रवार को दर्जनों की संख्या में दलित परिवार के महिला पुरुष पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता के पास पहुंचे और लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।ग्रामीणों ने बताया कि यह जमीन दशरथ मांझी के नाम की खतियानी जमीन है जिस पर वर्षों से दलित परिवार खेती बाड़ी कर अपनी जीविका चला रहे हैं। आरोप है कि वर्ष 2025 में भू माफिया राकेश रंजन उर्फ मुकेश पांडेय ने फर्जी जमाबंदी करवा कर जमीन पर कब्जा करना शुरू कर दिया।रैयतों का कहना है कि जेसीबी से सरकारी तालाब को नुकसान पहुंचाया गया और जबरन निर्माण कार्य किया जा रहा है। विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकाया जाता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही जाती है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी मारपीट की घटना हुई थी और एससी एसटी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने तुरंत अधिकारियों से बात कर विवादित जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकने का निर्देश दिया।इस संबंध में अंचल अधिकारी कृष्णा तिर्की ने बताया कि फिलहाल निर्माण कार्य रोकने का आदेश दे दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।