गिरिडीह महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर झारखंड सरकार ने अहम पहल करते हुए एचपीवी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी है। राज्य में यह अभियान 30 मार्च से शुरू हुआ है जबकि देशभर में इसकी शुरुआत 28 मार्च से की गई थी।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका विशेष रूप से 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं के लिए निर्धारित किया गया है। इस अभियान के तहत यह वैक्सीन पूरी तरह निःशुल्क दी जा रही है।सिविल सर्जन बचन सिंह ने बताया कि जिले के सदर अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस अभियान का लाभ उठा सकें।विशेषज्ञों के मुताबिक एचपीवी वायरस महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है जो भारत में महिलाओं के बीच दूसरा सबसे आम कैंसर माना जाता है। समय पर लगाया गया यह टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।स्वास्थ्य विभाग ने जिले में फिलहाल 14,500 डोज उपलब्ध कराए हैं। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाएं और आधार कार्ड या आयु प्रमाण पत्र के साथ टीकाकरण जरूर कराएं।उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।