गिरिडीह भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली कटौती के बीच भारतीय जनता पार्टी ने राज्यव्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को डंडीडीह विद्युत सब स्टेशन के पास जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।भाजपा नेताओं ने कहा कि एक ओर बढ़ता तापमान लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है वहीं दूसरी ओर अनियमित बिजली आपूर्ति ने जनजीवन को और भी कठिन बना दिया है।जिला अध्यक्ष रंजीत राय ने राज्य सरकार पर स्मार्ट मीटर के नाम पर ठगी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।नेताओं ने तीन सूत्री मांगें रखते हुए बिजली दरों में तत्काल कटौती नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।धरना प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा।इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी वैशखियार पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दूबे समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।