भवनाथपुर गढ़वा बकरीद पर्व को लेकर मंगलवार को मुस्लिम समाज की ओर से एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई जिसमें गौ हत्या पर पूर्ण रोक प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करने वालों पर कार्रवाई तथा गाय की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की गई। साथ ही गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की भी मांग रखी गई।प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुस्लिम समाज के प्रखंड सदर अख्तर अंसारी ने कहा कि मुस्लिम समाज के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपसी भाईचारा सामाजिक सौहार्द और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देना है।उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म भी पशुओं के प्रति दया, करुणा और संरक्षण का संदेश देता है। उनके अनुसार बकरीद के दौरान यदि कुछ असामाजिक तत्व गौ तस्करी अवैध खरीद बिक्री या प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करते हैं तो इससे सामाजिक समरसता प्रभावित होती है और गलत संदेश जाता है।अख्तर अंसारी ने प्रशासन से बकरीद के दौरान विशेष निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।उन्होंने केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने बेसहारा पशुओं के संरक्षण, गौशालाओं के बेहतर संचालन और पशु कल्याण के लिए मजबूत व्यवस्था बनाने की अपील की।प्रेसवार्ता में हस्ते आलम मैनुद्दीन अजमेर अली जमील अहमद छोटू खान मो. अनवर अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे।