जामताड़ा नारायणपुर मोहर्रम पर्व को लेकर नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पतरोडीह कोरीडीह वन मोहड़ार ईदगाह टोला महतोड़ीह सहित कई गांवों के अखाड़ों में युवा देर रात तक पारंपरिक खेलों और करतबों का अभ्यास कर रहे हैं।मोहर्रम की तैयारियों के तहत युवा लाठी डंडा भाला समेत अन्य पारंपरिक हथकंडों एवं खेल कौशल का नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखारने में जुटे हुए हैं। अभ्यास के दौरान युवाओं द्वारा आकर्षक प्रदर्शन किए जा रहे हैं जिन्हें देखने के लिए ग्रामीणों की भी अच्छी-खासी भीड़ जुट रही है।स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर नारायणपुर में अखाड़ों का सामूहिक मेला आयोजित किया जाता है। इस मेले में आसपास के गांवों के खिलाड़ी भाग लेते हैं और अपने खेल कौशल तथा पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन करते हैं। यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे का प्रतीक माना जाता है।बच्चों युवाओं और खेल प्रेमियों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। वहीं प्रशासन और स्थानीय समितियां भी मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी में जुटी हैं।उल्लेखनीय है कि मोहर्रम इस्लामी हिजरी वर्ष का पहला और अत्यंत पवित्र महीना माना जाता है। यह महीना त्याग बलिदान मानवता और इबादत का संदेश देता है। पर्व को लेकर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।इस अवसर पर शमशुल अंसारी साहब मियां सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।