जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। जूनियर डॉक्टर अस्पताल परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि वे पिछले 5 वर्षों से लगातार स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कई बार अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया, लेकिन हर बार मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।डॉक्टरों ने साफ कहा है कि जब तक स्टाइपेंड नहीं बढ़ाया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के कारण एमजीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। हालांकि जूनियर डॉक्टरों ने कहा है कि इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं की गई हैं और इमरजेंसी में आने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है।डॉक्टरों का कहना है कि वे 24 घंटे जनता की सेवा करते हैं इसके बावजूद उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। जूनियर डॉक्टरों ने यह भी दावा किया कि मेडिकल कॉलेज के स्टाफ और सीनियर डॉक्टर भी उनके समर्थन में हैं।