भुरकुंडा रामगढ़ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पखवाड़ा के अवसर पर श्री अग्रसेन स्कूल भुरकुंडा में बुधवार को योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों का प्रसार करना था।कार्यक्रम का उद्घाटन इंडियन योगिनी एसोसिएशन की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्य योग प्रशिक्षक अर्चना सचदेवा विद्यालय के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया तथा प्राचार्य विवेक प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस दौरान अर्चना सचदेवा एवं उनकी सहयोगी प्रशिक्षकों राखी वर्मा और पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को कपालभाति प्राणायाम सूर्य नमस्कार अनुलोम विलोम भ्रामरी बालासन ताड़ासन सेतुबंधासन वृक्षासन सुखासन भुजंगासन धनुरासन, नटराजासन वीरभद्रासन और उष्ट्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। साथ ही योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।मुख्य योग प्रशिक्षक अर्चना सचदेवा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार है। यह शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने के साथ साथ सकारात्मक सोच विकसित करता है। योग मन की अशुद्धियों को दूर कर आत्मबल और ऊर्जा का संचार करता है, जिससे जीवन में उत्साह और सकारात्मकता बनी रहती है।विद्यालय के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण लोग शारीरिक और मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में योग स्वयं को स्वस्थ और संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।प्राचार्य विवेक प्रधान ने कहा कि योग सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है। यह न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देता है बल्कि तनाव कम करने एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक शांति प्राप्त करने में भी सहायक है।खेल प्रशिक्षक नरेंद्र सिन्हा ने कहा कि योग आत्मविश्वास ध्यान और एकाग्रता को बढ़ाता है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन आता है मांसपेशियां मजबूत होती हैं और तनाव व नकारात्मक सोच दूर होती है। योग अच्छी नींद बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन और संतुलित जीवनशैली के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम की सफलता में करुणा राजगढ़िया नरेंद्र सिंह राशि सिन्हा सोनम खातून प्रोन्नति मुखर्जी एवं उषा कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।