हजारीबाग जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम SIT ने बड़कागांव थाना क्षेत्र में सक्रिय एक मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 23 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल ने नावाडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सतीश प्रजापति बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न थाना क्षेत्रों से मास्टर चाबी के माध्यम से मोटरसाइकिल चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर और घर के पीछे से स्प्लेंडर पैशन प्रो अपाचे पल्सर और ग्लैमर सहित कुल 23 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक मोबाइल फोन बरामद किया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।