गिरिडीह शहर के गांधी चौक स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम JBDNL के स्टोर रूम में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई।आग तेजी से फैलते हुए स्टोर के पास स्थित एक गुमटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण प्रयास नाकाम रहे।घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को बुलाया गया लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अन्य जगह व्यस्त होने के कारण करीब 30 मिनट की देरी से पहुंचीं। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।इस हादसे में बिजली विभाग के स्टोर में रखे तार उपकरण और ट्रांसफार्मर से जुड़े सामान जलकर राख हो गए हैं। विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है जिसमें लाखों रुपये की क्षति की आशंका जताई जा रही है।गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।