गिरिडीह जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने पुलिस लाइन स्थित श्याम ट्रेडर्स नामक मसाला फैक्ट्री में औचक छापेमारी की।जांच के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री बिना फूड लाइसेंस के संचालित हो रही थी। इसके अलावा पैकेज किए गए खाद्य पदार्थों पर न तो बैच नंबर और न ही एक्सपायरी डेट अंकित थी जिससे वे मिसब्रांडेड श्रेणी में आते हैं। पैकेजिंग पर उत्पादक का नाम और पता भी गलत पाया गया।कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर करीब 200 किलो मैदा 175 किलो सूजी और 85 किलो पैकेजिंग सामग्री जब्त कर दी। साथ ही संचालक को फूड लाइसेंस बनवाने साफ सफाई बनाए रखने और फूड सेफ्टी प्रशिक्षण लेने का निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया।इसके अलावा मैदा और सूजी के सैंपल भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।