गिरिडीह जिले के उपनगरी पचंबा के जरिडीह में गुरुवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से बहुप्रतीक्षित इंजीनियरिंग कॉलेज का विधिवत शिलान्यास किया गया। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला यह कॉलेज लगभग 35 एकड़ भूमि में स्थापित होगा।शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शिलान्यास कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि इस कॉलेज के बनने से अब गिरिडीह के छात्रों को तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए भी नए अवसर खोलेगा।वहीं विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर छात्र को बेहतर और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्र भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर पा रहे हैं।उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली छात्रों को विदेश में पढ़ाई के अवसर भी दे रही है जिसका पूरा खर्च सरकार वहन कर रही है।इस परियोजना से न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा मिलने से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताया।