बुंडू सड़क हादसों पर रोक लगाने के उद्देश्य से बुंडू में एक प्रेरणादायक पहल की गई जहां सिम्बायोसिस पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा और रांची के जिला परिवहन पदाधिकारी DTO अखिलेश कुमार ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान बच्चों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने के नियम ओवरस्पीडिंग के खतरे और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।DTO अखिलेश कुमार ने कहा कि छोटी छोटी लापरवाही भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे खुद नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।वहीं SDO किस्टो कुमार बेसरा ने कहा कि यदि बच्चों को शुरुआत से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए तो भविष्य में दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।कार्यक्रम में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया सवाल पूछे और ट्रैफिक नियमों को समझा। इस पहल के तहत बच्चों को सेफ्टी एम्बेसडर के रूप में तैयार किया जा रहा है ताकि वे समाज में जागरूकता फैला सकें।प्रशासन की यह पहल एक सकारात्मक संदेश देती है कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है।