रामगढ़ 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET 2026 के सफल निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और वहां अभ्यर्थियों के प्रवेश बैठने की व्यवस्था सुरक्षा प्रबंध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।उपायुक्त ऋतुराज ने निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता शुचिता और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA द्वारा निर्धारित दिशा निर्देशों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में अनुशासन गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों केंद्राधीक्षकों एवं कर्मियों को सजग रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के बाहर विधि व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता कदाचार या सुरक्षा में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है।इस अवसर पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।