रामगढ़ नगर पालिका निकाय चुनाव के तहत नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कुसुम लता ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस अवसर पर रामगढ़ विधायक सह कांग्रेस पार्टी की जिलाध्यक्ष श्रीमती ममता देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।नामांकन से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बैंड-बाजे के साथ बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसके बाद जुलूस के रूप में नामांकन स्थल तक पहुंचे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।इस मौके पर विधायक ममता देवी ने कहा कि रामगढ़ नगर परिषद का चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने समान विचारधारा वाले और जनहित से जुड़े प्रत्याशियों का समर्थन करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कुसुम लता के नामांकन में कांग्रेस पार्टी के सभी लोग मौजूद रहे।ममता देवी ने कहा कि कुसुम लता लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी हुई हैं और आम जनता के सुख दुख में हमेशा खड़ी रहती हैं। यही वजह है कि नगर परिषद क्षेत्र में उनके पक्ष में माहौल बनता नजर आ रहा है।विधायक ममता देवी ने नगर परिषद क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे कुसुम लता के समर्थन में मतदान करें ताकि रामगढ़ को एक ईमानदार, संवेदनशील और जनहितकारी नेतृत्व मिल सके।कुसुम लता रामगढ़ नगर परिषद के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी हैं और वे वार्ड संख्या 29 ग्राम कोठार की निवासी हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे नगर परिषद क्षेत्र के विकास साफ सफाई सड़क पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगी।इस मौके पर कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश यादव बजरंग महतो मुन्ना पासवान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलाम सरवर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष धीरज कुमार मनोज पुजहर टिंकू खान आजाद सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।