जमशेदपुर दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल डिवीजन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। डिवीजन ने अब तक की सर्वश्रेष्ठ 154.97 मिलियन टन लोडिंग दर्ज की, जिससे 13,098.85 करोड़ रुपये की आय हुई। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 154.07 मिलियन टन की लोडिंग हुई थी।मार्च 2026 में डिवीजन ने 15.82 मिलियन टन की अब तक की सबसे अधिक मासिक लोडिंग दर्ज की। पूरे वर्ष में कुल 229.9 मिलियन टन माल की हैंडलिंग की गई जिसमें 154.97 मिलियन टन लोडिंग और 74.94 मिलियन टन अनलोडिंग शामिल है।डिवीजन में 98 किलोमीटर ऑटोमैटिक सेक्शन चालू किया गया और माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए दो गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल शुरू किए गए। लोडिंग समय में 7.4% और अनलोडिंग समय में 13.17% की कमी दर्ज की गई।यात्री यातायात से 184.15 लाख यात्रियों ने यात्रा की जिससे 2533 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। टिकट चेकिंग से 216.57 करोड़ रुपये की आय हुई जो पिछले वर्ष की तुलना में 43% अधिक है।डिवीजन ने पार्सल विज्ञापन पार्किंग और खानपान से भी राजस्व में वृद्धि दर्ज की है। साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए 1025 यूआईडी कार्ड जारी किए गए। टाटानगर और राउरकेला स्टेशन पर पहली बार डिजिटल लॉकर की सुविधा शुरू की गई।रेलवे ने 3 नई लिफ्ट 2 नए एस्केलेटर लगाए और कई ट्रेनों को एलएचबी कोच में बदला गया। ट्रैक सुरक्षा के लिए 172.5 किमी ट्रैक का नवीनीकरण किया गया और सिग्नल फेलियर में 25% की कमी आई है।डिवीजन ने कुल 295.02 करोड़ रुपये की बचत भी की है और CAPEX व राजस्व अनुदान का 100% उपयोग सुनिश्चित किया गया है। चक्रधरपुर रेल डिवीजन की यह उपलब्धि दक्षिण पूर्व रेलवे के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।