आदित्यपुर में प्रशासन ने अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आशियाना ट्रेड सेंटर के समीप स्थित एक अवैध स्क्रैप टाल पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई के तहत वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए बैठे स्क्रैप टाल को ध्वस्त कर जमीन को मुक्त कराया गया।यह कार्रवाई अंचल अधिकारी के नेतृत्व में की गई। बताया गया कि संबंधित जमीन अनाबाद बिहार, झारखंड सरकार की है जिस पर बिना किसी वैध कागजात के स्क्रैप टाल संचालित किया जा रहा था।प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि अब सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्क्रैप टाल के कारण इलाके की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्क्रैप टाल अक्सर नशेड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों का अड्डा बन जाते हैं। ऐसे में इसे हटाने से आशियाना ट्रेड सेंटर के आसपास का माहौल साफ सुथरा और सुरक्षित होने की उम्मीद है।प्रशासन ने कहा कि सरकारी जमीन को मुक्त कराने से भविष्य में जनहित की योजनाओं को लागू करने में आसानी होगी। इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों के बीच सख्त संदेश गया है।कार्रवाई के दौरान अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह, प्रधान सहायक तरुण ठाकुर सहित कई अंचल कर्मी मौजूद रहे।