बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत जारंगडीह खुली खदान में कोयला चोरी रोकने के दौरान एक महिला होमगार्ड जवान के साथ कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना प्रथम पाली के दौरान उस समय घटी जब महिला जवान अपनी ड्यूटी पर तैनात थी और कोयला चोरी रोकने का प्रयास कर रही थी।आरोप है कि इसी दौरान कोयला चोरों ने महिला होमगार्ड जवान के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। महिला जवान से मारपीट की खबर फैलते ही स्थानीय मजदूरों और डीओ धारकों में भारी आक्रोश देखा गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही कोयला चोरी पर रोक लगाने में सुरक्षाकर्मी अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें इस तरह की हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने की बात कही जा रही है। बोकारो थर्मल थाना पुलिस द्वारा जांच और आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।