बाघमारा अनुमंडल के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर महिलाओं के साथ मारपीट और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में ईस्ट बसुरिया ओपी पुलिस ने कतरास थाना कांड संख्या 83/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में गोरखपुर निवासी इसरावती देवी ने बताया कि बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ मारपीट की और इलाके में भय का माहौल उत्पन्न किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धर्मेन्द्र यादव सन्नी मल्लाह समेत 10 नामजद महिला पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 191(2), 352, 190 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अफवाह के आधार पर कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।इधर जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें। स्वयं कार्रवाई करने भीड़ जुटाने या किसी के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने शांति संयम और जागरूकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों के कारण निर्दोष लोगों को नुकसान न पहुंचे इसके लिए समाज का सहयोग जरूरी है।