आईआईटी पटना में क्रिकेट खेलते समय करंट लगने से बीटेक छात्र की मौत
IIT पटना में शनिवार को एक
दर्दनाक हादसे ने पूरे कैंपस को सदमे में डाल दिया। क्रिकेट खेलते समय बिजली के
पोल में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से बीटेक फाइनल ईयर के छात्र हर्षित की मौत
हो गई। मृतक छात्र मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि हादसा बिहटा स्थित IIT पटना कैंपस के खेल
मैदान में हुआ। छात्र क्रिकेट खेल रहे थे तभी गेंद मैदान के किनारे लगे बिजली के पोल के पास चली गई।
हर्षित जैसे ही गेंद उठाने पहुंचा उसका हाथ लोहे के
पोल से छू गया और उसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट इतना तेज था कि छात्र
तुरंत पोल से चिपक गया। साथी छात्रों ने शोर मचाया और बिजली सप्लाई बंद कराई लेकिन तब तक
हर्षित गंभीर रूप से घायल हो चुका था। छात्रों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने
उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि करंट लगने के बाद गिरने से उसके सिर
में भी गंभीर चोट आई थी। हर्षित 2022 27 बैच का छात्र था और डुअल प्रोग्राम के तहत IIM Mumbai में पढ़ाई कर रहा था। वह अपने सहपाठियों के फेयरवेल
कार्यक्रम में शामिल होने मुंबई से पटना आया था। घटना के बाद कैंपस
में मातम और गुस्से का माहौल है। दोस्तों का कहना है कि कुछ मिनट पहले तक हर्षित उनके साथ हंसते खेलते मैदान में
मौजूद था और अचानक यह हादसा हो गया। इस हादसे ने IIT पटना प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर
दिए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया है कि कैंपस के बिजली सिस्टम और मेंटेनेंस में
भारी लापरवाही बरती गई। छात्रों ने पूरे कैंपस का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की
है। वहीं IIT प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए बिजली व्यवस्था की जांच
के आदेश दिए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
पहुंची। FSL टीम ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा
रही है कि पोल में करंट कैसे दौड़ रहा था। हर्षित अपने माता पिता की इकलौती संतान बताया जा रहा है। इस हादसे ने परिवार
समेत पूरे संस्थान को झकझोर कर रख दिया है।















