लखनऊ की सड़कों पर लगा एक राजनीतिक पोस्टर इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी को भगवान श्रीकृष्ण और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री  आदित्यनाथ योगी  को अर्जुन के रूप में दिखाया गया है। पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी के हाथ में सुदर्शन चक्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथ में धनुष बाण दर्शाया गया है। साथ ही पोस्टर में महाभारत के  कुरुक्षेत्र  युद्ध की थीम को राजनीतिक संदेश के तौर पर इस्तेमाल किया गया है। हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को तीन राज्यों में मिली जीत के बाद यह पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में लिखा गया है नया भारत अब आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और 22 राज्यों में भगवा  बीजेपी का दबदबा। पोस्टर में भगवा रंग के साथ भारत का नक्शा भी दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर बीजेपी नेता सच्चिदानंद पांडेय की ओर से लगवाया गया है। इस पोस्टर में अमित शाह  केशव प्रसाद मौर्य और पंकज चौधरी समेत बीजेपी के कई प्रमुख नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। राजधानी लखनऊ में लगे इस पोस्टर ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है। कुछ लोग इसे बीजेपी की राजनीतिक ताकत और आत्मविश्वास का प्रतीक बता रहे हैं  तो कुछ लोग धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक इस्तेमाल पर सवाल उठा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर वार कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई मौकों पर अलग अलग राजनीतिक दल पोस्टरों के जरिए अपने संदेश और शक्ति प्रदर्शन करते रहे हैं। फिलहाल कुरुक्षेत्र  थीम वाले इस पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि इस मामले पर विपक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।