गिरिडीह अवैध बालू कारोबार में गई जान
गिरिडीह जिले के
पीरटांड़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार ने एक और युवक की जान ले ली। करेंदो
नदी घाट से अवैध बालू लादकर निकल रहे ओवरलोड ट्रैक्टर के पलटने से चालक की मौके पर
ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और प्रशासनिक
कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।मृतक की पहचान खुखरा थाना क्षेत्र के चतरोडीह
निवासी 30 वर्षीय जीतन कोल के
रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम वह करेंदो नदी घाट से
ट्रैक्टर पर अवैध बालू लोड कर बाहर निकल रहे थे।इसी दौरान घाट से ऊपर चढ़ने के
क्रम में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में बालू अधिक
मात्रा में लदा था जिसके कारण वाहन का अगला हिस्सा हवा में उठ गया और चालक संतुलन
खोकर नीचे गिर पड़ा। ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।जब
देर रात तक जीतन कोल घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। मोबाइल पर संपर्क करने
की कोशिश की गई लेकिन जवाब नहीं मिला। बाद में एक राहगीर ने फोन उठाकर
दुर्घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।सूचना मिलने पर
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज
दिया।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिले में रात के अंधेरे में
खुलेआम अवैध बालू उठाव जारी है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक छापेमारी सिर्फ
दिखावा बनकर रह गई है जबकि ओवरलोड ट्रैक्टर लगातार जानलेवा
साबित हो रहे हैं।ग्रामीणों ने अवैध बालू माफियाओं पर सख्त कार्रवाई और नदी घाटों
पर कड़ी निगरानी की मांग की है।















