गोपालगंज में गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत दहेज हत्या का आरोप
गोपालगंज के सिधवलिया थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी की
पहली सालगिरह के दिन ही 22 वर्षीय गर्भवती विवाहिता गुड़िया देवी की
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका तीन माह की गर्भवती थी। घटना के बाद से
ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप
लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही गुड़िया को बुलेट मोटरसाइकिल और सोने
की चेन की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। शुक्रवार को गुड़िया की शादी की पहली सालगिरह थी। परिवार
खुशियों की तैयारी कर रहा था लेकिन उसी दिन उसकी मौत की खबर ने सबको
झकझोर कर रख दिया। मायके वालों का आरोप है कि गुड़िया की गला दबाकर हत्या की गई और
बाद में साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो गुड़िया का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। इस घटना
में उसके पेट में पल रहे तीन माह के मासूम की भी जान चली गई। मृतका के भाई सोनू सिंह ने बताया कि पहले भी दहेज प्रताड़ना
को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। हालांकि सामाजिक समझौते के बाद गुड़िया
को वापस ससुराल भेज दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि समझौते के बाद भी उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से
परेशान किया जाता रहा। घटना की सूचना
मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस
अधिकारियों के अनुसार मामला संदिग्ध है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के
सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।















