PMCH के पुराने इमरजेंसी भवन का सेंट्रल एसी पांच दिन से बंद गर्मी और उमस से मरीज बेहाल
भीषण गर्मी के बीच पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल PMCH के पुराने इमरजेंसी भवन का सेंट्रल एसी
पिछले पांच दिनों से बंद पड़ा है जिससे मरीजों परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इमरजेंसी वार्ड बर्न वार्ड आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर सहित कई महत्वपूर्ण विभाग गर्मी और उमस की चपेट में
हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों का कहना है कि वार्डों के अंदर अत्यधिक
उमस के कारण मरीजों को काफी दिक्कत हो रही है। खासकर बर्न वार्ड और आईसीयू में
भर्ती मरीजों की स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। कई जगह परिजन मरीजों को हाथ
से पंखा झलकर राहत देने की कोशिश करते नजर आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने अस्थायी तौर पर वैकल्पिक
व्यवस्था शुरू की है। पुराने इमरजेंसी भवन में फिलहाल आठ मूविंग एसी और पांच कूलर
लगाए गए हैं। बर्न वार्ड में तीन अतिरिक्त एसी लगाए गए हैं जबकि ट्रायज ऑपरेशन थिएटर आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड में भी अतिरिक्त कूलिंग व्यवस्था की गई है। हालांकि मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्थायी इंतजाम पर्याप्त नहीं
हैं और सेंट्रल एसी जल्द बहाल होना चाहिए। अस्पताल प्रशासन के अनुसार तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए विशेषज्ञ टीम को
लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक तकनीकी सहायता के लिए बाहर से विशेषज्ञ
बुलाए गए हैं और मरम्मत कार्य जारी है। PMCH अधीक्षक डॉ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि एक से दो दिनों के भीतर तकनीकी समस्या दूर कर सेंट्रल एसी
को दोबारा चालू कर दिया जाएगा।















