दुर्गापूजा में सुरक्षा को लेकर रेलवे और पुलिस अलर्ट, तिरूलडीह थाना में हुई संयुक्त बैठक
तिरूलडीह: दुर्गापूजा के दौरान
शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित रेल दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य
से सोमवार को तिरूलडीह थाना परिसर में रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त
बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तिरूलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने
की। इसमें दक्षिण पूर्व रेलवे के मुरी-चांडिल रेलखंड के रेलवे पुलिस निरीक्षक अवध
बिहारी यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में तिरूलडीह और
बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
करने, रेलवे ट्रैक की
निगरानी और भीड़भाड़ के समय लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने पर विस्तार से
चर्चा की गई। बैठक में बताया गया
कि दुर्गापूजा के दौरान तिरूलडीह और बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में पूजा एवं
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।
ऐसे में रेलवे लाइन के आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी
रहती है। विशेष रूप से ट्रेनों
के आवागमन के दौरान रेलवे ट्रैक पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। इसे देखते हुए
रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने
पर जोर दिया। रेलवे पुलिस निरीक्षक
अवध बिहारी यादव ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान दोनों रेलवे स्टेशनों पर आयोजित
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऐसे में ट्रेन
परिचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने कहा कि
ट्रेन गुजरने के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने से रोकने और श्रद्धालुओं को
सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी संभावित
घटना या दुर्घटना को रोकने के लिए रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस के बीच बेहतर
तालमेल आवश्यक है। तिरूलडीह थाना
प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिरूलडीह और
बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में दुर्गापूजा का आयोजन किया जाता है। ऐसे में
पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना
पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी
संबंधित पक्षों के सहयोग और आपसी समन्वय से दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में
संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में रेलवे पुलिस
के पदाधिकारी और तिरूलडीह थाना के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। संयुक्त बैठक के माध्यम
से त्योहार के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को
बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।दोनों
रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर सतर्कता
रेलवे
ट्रैक पार करने से रोकने पर जोर
श्रद्धालुओं
की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता














