‘रियल लाइफ बैटमैन’ बने राहुल गांधी, दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगे खास पोस्टर
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर दिल्ली में नए पोस्टर चर्चा का विषय बन गए हैं। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगाए गए इन पोस्टरों में राहुल गांधी को ‘रियल लाइफ बैटमैन’ यानी असली जिंदगी का बैटमैन बताया गया है। पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ बैटमैन की छवि का इस्तेमाल किया गया है। पोस्टर पर “The Silent Guardian” और “A Watchful Protector” जैसे संदेश लिखे गए हैं। साथ ही राहुल गांधी को विपक्ष का ऐसा नेता बताया गया है, जो सतर्क और सक्रिय रक्षक की भूमिका में है। जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा की ओर से कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के आसपास और मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में लगाए गए हैं। पोस्टर कोटला रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के प्रवेश द्वार और रायसीना रोड स्थित भारतीय युवा कांग्रेस कार्यालय के आसपास भी लगाए जाने की बात सामने आई है। यह पूरा मामला राहुल गांधी के हालिया सोशल मीडिया ‘Ask Me Anything’ सेशन के बाद सामने आया है। इस दौरान उनसे पूछा गया था कि क्या वह बैटमैन हैं। राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा था कि इतना जरूर कह सकता हूं कि किसी ने उन्हें और बैटमैन को कभी एक ही कमरे में साथ नहीं देखा है। इसके बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर बारिश में खड़े होने का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें The Dark Knight थीम से जुड़ा संगीत इस्तेमाल किया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी और बैटमैन की तुलना को लेकर चर्चा तेज हो गई। राजनीतिक गलियारों में इन पोस्टरों को कांग्रेस की युवा और Gen Z तक पहुंच बनाने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। सोशल मीडिया और नए डिजिटल कंटेंट के जरिए राहुल गांधी की अलग छवि पेश करने की कोशिश लगातार दिखाई दे रही है।














