नई दिल्ली: दिल्ली में घर खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने नागरिक आवास योजना-2026 के तहत नरेला में 1,287 और फ्लैट बिक्री के लिए शामिल किए हैं। इनमें 790 एमआईजी और 497 एचआईजी फ्लैट शामिल हैं।

इन फ्लैटों पर पहले की तरह 25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। बुकिंग 28 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। फ्लैटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ यानी FCFS आधार पर किया जाएगा।

नरेला में कहां मिलेंगे फ्लैट?

ये फ्लैट नरेला के पॉकेट-3 और पॉकेट-4, सेक्टर ए1 से ए4 में स्थित हैं।

पॉकेट-3 में 386 एमआईजी फ्लैट हैं, जिनका आकार करीब 126.1 से 140.1 वर्गमीटर है। 25 प्रतिशत छूट के बाद इनकी कीमत करीब 73.02 लाख से 81.12 लाख रुपये के बीच बताई गई है।

वहीं, यहां 230 एचआईजी फ्लैट भी उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 25 प्रतिशत छूट के बाद करीब 100.96 लाख से 116.39 लाख रुपये के बीच है।

पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटन

DDA की नागरिक आवास योजना के तहत तैयार फ्लैटों की बुकिंग फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर की जाती है। योजना में नरेला समेत अन्य क्षेत्रों में तैयार फ्लैट खरीदने का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है।

कौन कर सकता है आवेदन?

योजना के तहत आवेदक की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और वह भारत का नागरिक होना चाहिए। साथ ही, आवेदक या उसके परिवार के नाम दिल्ली में निर्धारित सीमा से अधिक का प्लॉट या फ्लैट नहीं होना चाहिए।

LIG फ्लैट के लिए पंजीकरण की तारीख बढ़ी

DDA नागरिक आवास योजना के तहत LIG फ्लैटों के पंजीकरण की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाई गई है।