गिरिडीह: गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में राजनीतिक दल से जुड़े नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में होटल मालिक महेश रजक और होटल स्टाफ सीमा ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में कथित रूप से इस्तेमाल टांगी और सब्बल, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे मिथिलेश यादव की हत्या की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ बगोदर-सरिया के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 13-14 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 1:45 बजे मिथिलेश यादव शराब के नशे में घाघरा स्थित रिंकू होटल पहुंचे थे। वहां उन्होंने बीयर पी और दूसरी बीयर की मांग की। पुलिस के मुताबिक, भुगतान को लेकर विवाद हुआ और होटल मालिक व स्टाफ ने दूसरी बीयर देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई।

पुलिस का दावा है कि विवाद के बाद महेश रजक और सीमा ठाकुर ने मिथिलेश यादव का पीछा किया। सर्विस रोड पर कपसा मंदिर के पास नशे के कारण मिथिलेश के गिरने के बाद दोनों ने कथित तौर पर टांगी और सब्बल से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में महेश रजक (करीब 38 वर्ष), होटल मालिक, निवासी घाघरा, बगोदर और सीमा ठाकुर (करीब 58 वर्ष), होटल स्टाफ, निवासी गोपालडीह, बगोदर शामिल हैं।

इस मामले में बगोदर थाना कांड संख्या 161/26 दर्ज किया गया है। पुलिस की एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है।