174 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम, हरभजन सिंह ने बताया ‘सच्चा हीरो’
नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान गंभीर स्थिति में सूझबूझ और साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में 174 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुई घटना के बाद विमान अचानक हजारों फीट नीचे आ गया, लेकिन स्थिति को संभालने में कैप्टन मच्छार की भूमिका अहम रही। रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान कैप्टन मच्छार पर उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के अन्य सदस्यों को अंदर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ा गया और वहां आपात लैंडिंग कराई गई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की है। उन्होंने मच्छार को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए उनके साहस और दूसरों की जान बचाने के प्रयास की तारीफ की। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख हस्तियों ने भी कैप्टन मच्छार के साहस की सार्वजनिक रूप से सराहना की है। प्रधानमंत्री ने उनके साहस और दृढ़ संकल्प की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बड़ी त्रासदी टालने में मदद मिली। कैप्टन स्मित मच्छार मुंबई के रहने वाले हैं और उनके पास 13 साल से ज्यादा का कमर्शियल फ्लाइंग अनुभव बताया गया है। वह जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे। इससे पहले उन्होंने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में काम किया था। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने 9,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव हासिल किया है।हरभजन सिंह ने की बहादुरी की तारीफ
13 साल से ज्यादा का एविएशन अनुभव














