PM मोदी इंडोनेशिया रवाना, दुनिया के सबसे बड़े हिंदू मंदिर के दर्शन के साथ ब्रह्मोस डील पर होगी अहम चर्चा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने तीन देशों के विदेश दौरे के पहले चरण के तहत इंडोनेशिया के लिए रवाना हो गए। 6 से 8 जुलाई तक चलने वाले इस दौरे में पीएम मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस यात्रा का मुख्य फोकस रक्षा सहयोग, सामरिक साझेदारी और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देना रहेगा। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जकार्ता में उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे योघ्याकार्ता स्थित प्रंबनन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है, जिसका निर्माण 9वीं शताब्दी में हुआ था और इसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त है। भारत और इंडोनेशिया इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हो सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग को नई दिशा मिलने की संभावना है। दोनों देशों के बीच ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल सिस्टम की चरणबद्ध खरीद को लेकर अहम चर्चा होने की उम्मीद है। करीब 2,500 करोड़ रुपये की संभावित इस डील से इंडोनेशिया की समुद्री सुरक्षा क्षमता और हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) क्षेत्र में उसकी सामरिक ताकत को मजबूती मिलेगी। भारत और इंडोनेशिया हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समुद्री सहयोग को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर भी जोर देंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इंडोनेशिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर भी जाएंगे, जहां व्यापार, निवेश, रक्षा और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।ब्रह्मोस मिसाइल डील पर नजर
एक्ट ईस्ट पॉलिसी के लिए अहम दौरा















