साहिबगंज: तीनपहाड़ और राजमहल के बीच मुरली हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर पहुंचने की घटना से रेल सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया। रेलवे ट्रैक पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला ट्रैक्टर पहुंच गया था। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट बरहरवा की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।

अंडरपास निर्माण के दौरान रेलवे ट्रैक तक पहुंचा ट्रैक्टर

जानकारी के अनुसार मुरली हॉल्ट के पास अंडरपास निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री की ढुलाई के लिए ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रेलवे लाइन तक पहुंच गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद RPF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर RPF पोस्ट बरहरवा ले गई।

चालक रंजीत साहा गिरफ्तार

जांच के दौरान पता चला कि ट्रैक्टर महादेवपुर निवासी रंजीत साहा का है और घटना के समय वही वाहन चला रहा था। RPF ने पूछताछ के बाद रंजीत साहा को गिरफ्तार कर लिया।

RPF के अनुसार गिरफ्तारी 17 अगस्त को की गई, जबकि आरोपी को 18 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में रेलवे एक्ट की धारा 153, 159 और 149 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बिना अनुमति रेलवे ट्रैक पर प्रवेश गंभीर मामला

कार्रवाई में SI एके दुबे, अमरेश कुमार और एसी दास शामिल रहे।

RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि रेलवे ट्रैक पर बिना अनुमति किसी भी वाहन का प्रवेश गंभीर मामला है। इससे ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन पर खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।