करमाटांड़: करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के फोफनाद गांव स्थित 3 नंबर भगवान के समीप गुरुवार को दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में फोफनाद निवासी राकेश मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही भावी जिला परिषद प्रत्याशी, भाग संख्या-5 मोनिका कुमारी के प्रतिनिधि महेंद्र कुमार मंडल तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल की मदद करते हुए बिना देरी किए अपने निजी वाहन से राकेश मंडल को इलाज के लिए जामताड़ा स्थित पारस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।

समय पर अस्पताल पहुंचने से मिली राहत

घायल को अस्पताल पहुंचाने के कुछ ही समय बाद उनके परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजनों ने चिकित्सकों से मुलाकात कर राकेश मंडल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच और उपचार शुरू किया।

बताया गया कि समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलने के बाद घायल की स्थिति अब खतरे से बाहर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

ग्रामीणों ने भी की मदद

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी घायल की सहायता के लिए तत्परता दिखाई। उमेश मंडल, सीनरजोड़ी, उज्ज्वल दास, सुगापहाड़ी समेत अन्य ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

राकेश मंडल को समय पर अस्पताल पहुंचाने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय ग्रामीणों एवं परिजनों ने महेंद्र कुमार मंडल और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि दुर्घटना के बाद समय पर मिली मदद से घायल को जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सकी।