धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। रंगलीटांड स्थित एक तालाब में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है। हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में मातम पसरा है।

एक बच्चे को बचाने की कोशिश में तीनों डूबे

जानकारी के अनुसार, तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में शुक्रवार को तीन बच्चे पास के तालाब में नहाने गए थे। मृतकों की पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में बताई गई है।परिजनों के अनुसार, तीनों बच्चे अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे। शुक्रवार को भी वे तालाब पहुंचे और नहाने लगे। इसी दौरान एक बच्ची अचानक तालाब के गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।बताया जा रहा है कि बच्ची को डूबता देख बाकी दोनों बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन बचाव के दौरान वे भी गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों बच्चे पानी में डूब गए।

ग्रामीणों ने तालाब से बाहर निकाला

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तत्काल तालाब में उतरे और काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।इसके बाद तीनों को आनन-फानन में इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक जांच और कार्रवाई में जुटी है।एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवारों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। वहीं, इस दर्दनाक घटना से रंगलीटांड और आसपास के इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है।यह हादसा एक बार फिर जलाशयों और तालाबों में नहाने के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा और जागरूकता के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।