गिरिडीह जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र के बरवाबाद गांव स्थित पोल्ट्री फार्म से लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी गया पानी का मोटर, इन्वर्टर, स्टेपलाइजर, दो कूलर और एक बैट्री बरामद की गई है। चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पोल्ट्री फार्म से चोरी के बाद दर्ज हुआ था मामला

जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को बरवाबाद गांव स्थित इरफान अंसारी के पोल्ट्री फार्म से सामान चोरी होने की सूचना हिरोडीह थाना पुलिस को मिली थी। मामले को लेकर पुलिस ने हिरोडीह थाना कांड संख्या 117/2026 दर्ज किया और जांच शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बरवाबाद गांव निवासी करीब 33 वर्षीय किरणदेव यादव, पिता हरीश यादव को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पोल्ट्री फार्म से चोरी किए गए सामानों को बरामद किया गया।बरामद सामानों में जेट मोटर, इन्वर्टर, स्टेपलाइजर, दो कूलर और एक बैट्री शामिल हैं। पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या JH-11AM-3753 को भी जब्त किया है।

पुलिस की कार्रवाई से चोरीकांड का खुलासा

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद चोरी के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी हुई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों और चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।