हक दो, सड़क दो, न्याय दो’ के नारों से गूंजा तेलोडीह, 2 साल से जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
गिरिडीह: गिरिडीह जिले के तेलोडीह पंचायत में जर्जर मुख्य सड़क के निर्माण और तत्काल मरम्मत की मांग को लेकर बुधवार को पंचायतवासियों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। मुखिया शब्बीर आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन और सरकार का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित किया। मानव श्रृंखला की शुरुआत तेलोडीह स्थित पेट्रोल पंप से हुई और इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वार्ड सदस्य प्रतिनिधियों, पंचायत समिति सदस्य, उपमुखिया, समाजसेवी, बुद्धिजीवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल हुए। ग्रामीण हाथों में अपनी मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर ‘हक दो, सड़क दो’, ‘न्याय दो, सड़क दो’ जैसे नारे लगाते हुए फॉरेस्ट कॉलोनी तक पहुंचे। मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि तेलोडीह पंचायत की मुख्य सड़क करीब दो वर्षों से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान जलजमाव के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, इसी सड़क से लोग स्कूल, अस्पताल, बाजार, प्रखंड कार्यालय और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि लंबे समय से सड़क की बदहाली अब लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि तत्काल निर्माण संभव नहीं है तो युद्धस्तर पर मरम्मत कराकर ग्रामीणों को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला का उद्देश्य किसी तरह का विवाद पैदा करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता की गंभीर समस्या को प्रशासन तक पहुंचाना है। मुखिया ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण या मरम्मत की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो पंचायतवासी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक कदम उठाने की भी बात कही गई।दो वर्षों से जर्जर है सड़क
‘सड़क नहीं, मौत का रास्ता बन चुकी है’
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज














