चाइबासा: पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ थाना क्षेत्र के बालजोड़ी गांव में शुक्रवार को नदी में डूबने से हुई युवक की मौत को लेकर अब ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मंगलवार को मुखिया गुणवंत नायक के नेतृत्व में 50 से अधिक ग्रामीण सोनुआ थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की गहराई से जांच करने की मांग की।

नदी में डूबने से मौत पर ग्रामीणों को संदेह

ग्रामीणों का कहना है कि युवक की मौत महज नदी में डूबने की घटना नहीं हो सकती। उन्होंने आशंका जताई कि युवक की हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंका गया हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

मुखिया गुणवंत नायक के नेतृत्व में थाना पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपे आवेदन में मामले की जांच जल्द पूरी करने का आग्रह किया।

गांव में लगातार चोरी की घटनाओं से भी ग्रामीण परेशान

ग्रामीणों ने शिकायत में गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि पूर्व में चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस से शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों के अनुसार, हाल के दिनों में एक युवक की स्कूटी चोरी, ट्रैक्टर की बैटरी चोरी और सोलर जलमीनार से सोलर पंप स्टार्टर चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा कुछ घरों में भी चोरी की घटनाएं होने की बात कही गई है।

रात में घरों के दरवाजे पीटने का भी आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा घरों के दरवाजे पीटने की घटनाएं भी हुईं। इससे गांव में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोगों में भय और आक्रोश बढ़ रहा है, जिससे गांव का माहौल बिगड़ने की आशंका है।

उन्होंने पुलिस से इन घटनाओं की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

सांसद और विधायक को भी देंगे शिकायत की प्रति

ग्रामीणों ने सोनुआ पुलिस से जल्द कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि शिकायत पत्र की प्रतिलिपि क्षेत्र के सांसद और विधायक को भी दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ युवक की मौत की सच्चाई सामने आना जरूरी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत वास्तव में किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।