भीषण गर्मी और तेज धूप में ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न ट्रैफिक पोस्टों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं।

जानकारी के अनुसार  जिले के विभिन्न यातायात पोस्टों पर कार्यरत 3 पुलिस पदाधिकारियों और 3 आरक्षियों को कुल 6 कूलिंग जैकेट वितरित किए गए। इन जैकेटों का उद्देश्य भीषण गर्मी में सड़क पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाना और उनकी कार्यक्षमता बनाए रखना है।

इसके अलावा पुलिस विभाग ने थाना  ओपी  कार्यालय और पुलिस केंद्रों में कार्यरत कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 26 सीलिंग पंखे  45 स्टैंड पंखे  7 कूलर और 2 दीवार पंखों का भी वितरण किया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि पुलिसकर्मी हर मौसम और कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य  सुविधा और कार्य वातावरण को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी पुलिसकर्मियों के कल्याण और कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार के लिए इस प्रकार की पहल जारी रहेगी। पुलिस विभाग की इस पहल की जिले में सराहना की जा रही है और इसे जवानों के हित में उठाया गया सकारात्मक कदम माना जा रहा है।