साहिबगंज: नीमगाछी में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से किशोरी की मौत
साहिबगंज: तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के नीमगाछी गांव में बुधवार को तालाब में डूबने से एक किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान तनु दास, पुत्री सुभाष चंद्र दास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तनु दास घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में दोस्तों के साथ नहाने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसके साथ नहा रही अन्य लड़कियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। शोर सुनकर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद किशोरी को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, राजमहल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे नीमगाछी गांव में मातम पसरा हुआ है।














