साहिबगंज: मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद साहिबगंज जिले में प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। विसर्जन शांतिपूर्ण और सुगम तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद ने शहर के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गंगा घाटों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान एसडीओ अमर जॉन आइंद ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार घाटों का भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि घाटों पर रोशनी, हाइड्रा मशीन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। यदि आवश्यकता के अनुसार किसी अतिरिक्त व्यवस्था की जरूरत पड़ती है, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।

ढाक की थाप पर गंगा तट की ओर बढ़ा विसर्जन जुलूस

दूसरी ओर, साहिबगंज शहर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। नेताजी सुभाष कॉलोनी की दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। ढाक की थाप पर श्रद्धालु नाचते-गाते और मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए गंगा तट की ओर बढ़े।

सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद

विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी के रूप में रामाशंकर सहित पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन का उद्देश्य प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।