रंजय सिंह हत्याकांड में फैसला टला, अगली तारीख का ऐलान नहीं; कोर्ट परिसर में रही कड़ी सुरक्षा
धनबाद: कोयलांचल की राजनीति और अपराध की दुनिया में चर्चित रंजय सिंह हत्याकांड में शनिवार को होने वाला फैसला टल गया। मामले में आज न्यायालय द्वारा फैसला सुनाया जाना था, लेकिन फैसला नहीं हो सका। अगली सुनवाई या फैसले की तारीख फिलहाल तय नहीं की गई है। बचाव पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता समर श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि फैसला क्यों टला, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि न्यायालय की ओर से फिलहाल अगली तारीख की भी जानकारी नहीं दी गई है। अगली तारीख निर्धारित होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। रंजय सिंह की 29 जनवरी 2017 को धनबाद के सरायढेला इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह तत्कालीन मेयर संजीव सिंह के करीबी माने जाते थे। हत्याकांड के बाद कोयलांचल की राजनीति में सिंह मेंशन और रघुकुल के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं। ऐसे में इस मामले के फैसले पर दोनों पक्षों के साथ-साथ पूरे कोयलांचल की नजरें टिकी हुई हैं। मामले में आरा, बिहार निवासी नंदकुमार सिंह उर्फ मामा को मुख्य शूटर और हर्ष सिंह को आरोपी बनाया गया है। हर्ष सिंह फिलहाल जमानत पर बाहर हैं, जबकि नंदकुमार सिंह उर्फ मामा जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, मामा के कथित इकबालिया बयान के आधार पर हर्ष सिंह को हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए चार्जशीट दाखिल की गई थी। नंदकुमार सिंह उर्फ मामा वर्ष 2018 से जेल में बंद है। उसकी जमानत याचिकाएं हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक खारिज हो चुकी हैं। रंजय सिंह हत्याकांड को पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या से जुड़े आपराधिक घटनाक्रम की एक कड़ी के रूप में भी देखा जाता है। करीब एक वर्ष पहले धनबाद अदालत में नीरज सिंह हत्याकांड में फैसला सुनाया जा चुका है। इसी वजह से रंजय सिंह हत्याकांड के फैसले को लेकर भी विशेष उत्सुकता बनी हुई है। फैसले की संभावना को देखते हुए शनिवार को धनबाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की ओर से सिंह मेंशन और रघुकुल से जुड़े समर्थकों के बीच संभावित टकराव और कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।2017 में हुई थी रंजय सिंह की हत्या
नंदकुमार सिंह उर्फ मामा मुख्य शूटर का आरोपी
नीरज सिंह हत्याकांड से भी जुड़ता है घटनाक्रम
फैसले की संभावना को लेकर कोर्ट में कड़ी सुरक्षा















