जामताड़ा डीएवी स्कूल में शिक्षक दिवस पर रक्तदान शिविर, 25 यूनिट रक्त संग्रह
जामताड़ा: सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर
में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर एकदिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य डॉ.
विजय कुमार यादव ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन खेल शिक्षक अभिषेक कुमार दुबे ने किया। कार्यक्रम
का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार यादव, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. निलेश कुमार,
मंडल कारा प्रभारी ललन कुमार भारती और
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजदेव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके
बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
गई। रक्तदान
शिविर में मंडल कारा प्रभारी ललन कुमार भारती, एनसीसी कमांडेंट और कैडेट्स के साथ
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 25 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस
अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार यादव ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर
पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया
है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सकती
है। वहीं,
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. निलेश कुमार ने
लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर उपलब्ध
रक्त कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर
में एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान के
प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने के
उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को सकारात्मक पहल के रूप में देखा गया।















