पलामू बीजेपी प्रदर्शन में हंगामा, दीपक प्रकाश और एसडीपीओ में तीखी बहस
पलामू: रांची में छात्र
आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों और जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित धांधली के
विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राज्य के अलग-अलग जिलों में विरोध
प्रदर्शन किया। पलामू में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष जोरदार
प्रदर्शन किया। इसी दौरान राज्यसभा सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश तथा सदर एसडीपीओ राजेश यादव के बीच तीखी बहस हो
गई। विवाद
बढ़ने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, समाहरणालय के सामने भाजपा का विरोध
प्रदर्शन चल रहा था और पलामू सांसद विष्णुदयाल
राम का
संबोधन हो रहा था। इसी दौरान सदर एसडीपीओ राजेश यादव कार्यालय जाने के लिए
समाहरणालय पहुंचे। मुख्य गेट बंद होने के कारण उन्होंने गेट खुलवाने का प्रयास
किया। इसी बात को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस हो गई। मामला
आगे बढ़ा तो राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश भी मौके पर पहुंचे और एसडीपीओ के साथ उनकी
तीखी बहस हुई। बाद में एसडीपीओ दूसरे रास्ते से अपने कार्यालय पहुंचे। भाजपा
जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने आरोप लगाया कि
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था,
लेकिन पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ
गलत व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि लाठी और पुलिस की ताकत के बल पर भाजपा
कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। वहीं,
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने जेपीएससी-जेएसएससी मामले में चल रही सीआईडी जांच पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े आरोपियों को बचाने के लिए सीआईडी जांच कराई जा रही है
और छोटे आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सरकार पर सीआईडी के दुरुपयोग
का भी आरोप लगाया। पलामू
सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि छात्रों और जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए सीआईडी
जांच कराई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर
सख्त कार्रवाई की गई और मुकदमे दर्ज किए गए। सांसद ने कहा कि मामला अंतरराज्यीय
स्तर का हो चुका है, इसलिए
इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि भारतीय
जनता पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती
रहेगी। पलामू
समाहरणालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन में सांसद विष्णुदयाल राम, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक आलोक चौरसिया, विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, पूर्व सांसद मनोज कुमार, पूर्व सांसद घूरन राम, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी समेत बड़ी
संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। फिलहाल,
प्रदर्शन के दौरान सांसद दीपक प्रकाश और
एसडीपीओ राजेश यादव के बीच हुई बहस का वीडियो और पूरा घटनाक्रम चर्चा का विषय बना
हुआ है।














