बोकारो: राज्य में सरकारी नौकरियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर बोकारो में बुधवार को सियासत गरमा गई। जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बोकारो डीसी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों के समर्थन में भाजपा ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकारी नौकरी से जुड़े कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने और छात्र आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की।

मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों में झामुमो नेताओं के सगे-संबंधी भी शामिल हैं, इसलिए सरकार सीआईडी जांच करा रही है। मधु कोड़ा ने कहा कि छात्र पूरे मामले की जांच सीबीआई से चाहते हैं, ताकि निष्पक्ष तरीके से सच्चाई सामने आ सके।

मधु कोड़ा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में नौकरियों को मंडी बनाकर सब्जियों की तरह बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि फॉरेस्ट ऑफिसर जैसे पदों के लिए 10 से 20 लाख रुपये तक लिए जाने के आरोप सामने आए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने छात्र आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को नौकरी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।