पाकुड़ के मुफसिल थाना क्षेत्र से दो माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के मां-पिता और नानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर शाम मुफसिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर दक्षिण टोला में हुई। बताया जा रहा है कि संग्रामपुर दक्षिण टोला निवासी सार्जेन शेख की दो शादियां हुई हैं और दूसरी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होने की बात सामने आ रही है।बताया जा रहा है कि मंगलवार को सार्जेन शेख और उसकी दूसरी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान दो माह के बच्चे की मौत हो गई। परिजनों की ओर से बच्चे की हत्या का आरोप लगाया गया है।घटना की सूचना मिलते ही मुफसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

घटना के मुख्य आरोपी की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मृतक के मां, पिता और नानी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जिसके कारण घटना की वास्तविकता सामने नहीं आ सकी है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे की मौत कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव और मुफसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार के स्तर से की जा रही है।मुफसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर वास्तविक हत्यारे और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।