लोहरदगा में नवविवाहित दंपति की मौत से मातम, पति ने घर में लगाई आग: रिम्स में पत्नी ने भी तोड़ा दम
भंडरा (लोहरदगा): झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित धनामुंजी गांव में एक नवविवाहित दंपति की मौत से मातम पसरा है। मृतकों की पहचान लोथे उरांव के पुत्र अजित उरांव (25) और उनकी पत्नी बाल्मीकि उरांव (20) के रूप में हुई है। घटना बीती रात की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब आठ बजे अजित ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। कुछ देर बाद कमरे से आग की लपटें उठती देख परिजन घबरा गए। दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचने पर दोनों गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिले। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों को भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान अजित की मौत हो गई। उनकी पत्नी बाल्मीकि उरांव की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया। रिम्स में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, अजित और बाल्मीकि की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी। ग्रामीणों ने बताया कि अजित अक्सर अकेला रहता था और नशे का सेवन करता था। कुछ ग्रामीणों ने उसके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई। हालांकि, घटना के पीछे की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। किसी पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव को घटना का कारण मानने की पुष्टि भी नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया सुमित उरांव और भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता पुलिस बल के साथ धनामुंजी गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।गंभीर रूप से झुलसे दंपति को अस्पताल ले जाया गया
करीब एक साल पहले हुई थी शादी
पुलिस ने शुरू की जांच















