लोहरदगा: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को लोहरदगा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा युवा मोर्चा के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष अजात शत्रु के नेतृत्व में शहर के रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री के अपमान का विरोध किया।

खरगे की टिप्पणी पर भाजपा का विरोध

दरअसल, पटना में एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भाजपा ने आपत्ति जताई है। भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

लोहरदगा में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजात शत्रु ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने पद की गरिमा के अनुरूप भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति इस तरह की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से माफी मांगने की मांग की।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

अजात शत्रु ने कांग्रेस की राजनीतिक भूमिका और नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार के संबंध में अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल सार्वजनिक जीवन की गरिमा के खिलाफ है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ऐसी टिप्पणियों का विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से पूरे मामले में देश की जनता से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।

बड़ी संख्या में शामिल हुए भाजपा कार्यकर्ता

पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की गई और खरगे की टिप्पणी पर विरोध जताया गया।