देवघर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट पांच घायल
देवघर शहर के गिधनी मोड़ पछियारी कोठिया स्थित
मुख्य सड़क किनारे रविवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे
भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
हो गया जबकि
चार अन्य लोग भी जख्मी हो गए। घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी
घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार
गिधनी मोड़ पछियारी कोठिया क्षेत्र में एक जमीन को लेकर दोनों
पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद को लेकर दोनों
पक्ष आमने सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते
ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। स्थानीय लोगों के
अनुसार घटना
के दौरान करीब 50 लोगों
की भीड़ मौके पर जुट गई जिससे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। आरोप है कि एक
पक्ष के लोग लाठी डंडे और बोतलों से लैस होकर पहुंचे और
दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति के सिर पर गंभीर
चोट लगी जिससे उसका माथा फट गया। इसके अलावा चार
अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को
शांत कराने का प्रयास किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते
ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से
पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके
में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा
सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे
इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से विवादित जमीन के मामले का
जल्द समाधान निकालने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।पुलिस ने संभाला
मोर्चा














