धनबाद: कुमारधुबी क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गुरुवार से कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर दो पालियों में शुरू कर दिया गया है। अब यात्रियों को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक टिकट आरक्षण और अन्य PRS सेवाओं की सुविधा मिल सकेगी।अब तक कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर PRS काउंटर केवल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुलता था। इसके बाद टिकट रिजर्वेशन या कैंसिल कराने के लिए यात्रियों को बराकर जाना पड़ता था। लेकिन अब दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक भी आरक्षण काउंटर खुलने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।बताया गया कि धनबाद सांसद ढुलू महतो की पहल के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस व्यवस्था को स्वीकृति मिली। इसके बाद आसनसोल रेल मंडल प्रबंधक संग्रह मौर्य की ओर से आवश्यक नोटिफिकेशन जारी किया गया।स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि दो पालियों में आरक्षण काउंटर शुरू होने से यात्रियों को अब दूसरे स्टेशन जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। इससे स्टेशन के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।हाल ही में भाजपा नेता अशोक मंडल, जय प्रकाश सिंह और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने आसनसोल DRM से मुलाकात कर इस संबंध में सांसद का पत्र सौंपा था।

अमृत भारत योजना के तहत होगा स्टेशन का विकास

कुमारधुबी रेलवे स्टेशन का विकास अमृत भारत योजना के तहत किया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, नई बिल्डिंग और स्टेशन रोड के निर्माण की योजना है। गतिशक्ति के माध्यम से इसका सर्वे भी किया जा चुका है। स्टेशन के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी काम किया जाएगा।कुल मिलाकर, आरक्षण काउंटर के समय में बढ़ोतरी कुमारधुबी और आसपास के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित हो सकती है।