चांडिल सरायकेला खरसावां स्कूल बस खलासी मौत सड़क हादसा
चांडिल सरायकेला-खरसावां
जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस
के खलासी की मौत हो गई। टाटा-रांची मार्ग एनएच-33
स्थित चांडिल गोलचक्कर के समीप चलती
स्कूल बस से गिरने के बाद खलासी बस के पिछले चक्के की चपेट में आ गया।मृतक की
पहचान चौका थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय प्रभात महतो
के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30
बजे एक स्कूल बस चौका की
ओर से बच्चों को लेकर दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के चांडिल स्थित उमेश नगर परिसर जा
रही थी। इसी दौरान चांडिल गोलचक्कर के पास प्रभात महतो अचानक चलती बस से नीचे गिर
गए।बताया गया कि उनके सड़क पर गिरते ही बस का पिछला चक्का उनके ऊपर से गुजर गया।
हादसे में भात महतो गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई। घटना
के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस घटनास्थल पर
पहुंची और मामले की जानकारी ली। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल प्रभात
महतो को चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया,
जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें
मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर
दी है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में खलासी
चलती स्कूल बस से नीचे गिर गया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल
पहुंचे। अचानक हुई मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं
रुगड़ी गांव में भी शोक का माहौल है।इस दर्दनाक हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा
व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के
बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।














