JSSC-JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी की CBI जांच की मांग, भाजपा ने घेरा डीसी-एसपी कार्यालय, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
लातेहार: JSSC और JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर भाजपा ने गुरुवार, 10 सितंबर को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिला कमेटी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय स्थित उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने की। कार्यक्रम में पूर्व सांसद दीपक प्रकाश और प्रदेश संगठन मंत्री सह जिला संगठन प्रभारी मनीर उरांव प्रमुख रूप से शामिल हुए। इस दौरान भाजपा नेताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए JSSC और JPSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच CBI से कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन से पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर के बाजारटांड़ से रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। रैली आगे बढ़ते हुए समाहरणालय मोड़ पहुंची। यहां पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। समाहरणालय मोड़ पर पुलिस बल ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस द्वारा समाहरणालय परिसर की ओर जाने से रोके जाने के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता समाहरणालय गेट के पास ही बैठ गए और वहीं नुक्कड़ सभा शुरू कर दी। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने JSSC और JPSC की परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि अभ्यर्थियों के हितों से किसी तरह का समझौता न हो। भाजपा ने इन मामलों की CBI से जांच कराने की मांग दोहराते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि अनियमितता साबित होती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन और सभा में पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार दुबे, गढ़वा जिला प्रभारी सह पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज सिंह, छोटू राजा और सुनैना देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।बाजारटांड़ से निकली रैली, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
समाहरणालय जाने से रोकने पर पुलिस-भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की
CBI जांच की मांग पर अड़े भाजपा नेता
कई प्रमुख भाजपा नेता रहे मौजूद















